मुख्य सामग्री पर जाएं
Sunday, 16 August 2026

गोरेगांव में हत्या का मामला 24 घंटे में सुलझा, दो आरोपी गिरफ्तार

अलीम इनामदार, मुंबई के गोरेगांव पश्चिम में हुई हत्या के मामले को गोरेगांव पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों…

Editor संवाददाता
August 14, 2026 1 मिनट की पढ़ाई 6 बार देखा गया

अलीम इनामदार,

मुंबई के गोरेगांव पश्चिम में हुई हत्या के मामले को गोरेगांव पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 39 वर्षीय अजय मुन्नी उपाध्याय और 23 वर्षीय विकास देवराज पासवान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गोरेगांव पश्चिम के रहने वाले हैं।

 

पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त 2026 की रात करीब 11:30 बजे प्रेमनगर स्थित सलमान होटल के सामने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की सूचना पुलिस को मिली थी। गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय अजीज मोहम्मद अतिक खान को स्थानीय लोगों ने ट्रॉमा केयर अस्पताल, जोगेश्वरी पूर्व पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे दाखिल करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर गोरेगांव पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होटल के खाने के बिल को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने अजीज खान के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा लकड़ी के बॉक्स की पट्टियों से उसके सिर पर हमला किया।

 

घटना के बाद आरोपियों की पहचान पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी, क्योंकि प्रत्यक्षदर्शी भी आरोपियों को पहचान नहीं पा रहे थे। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में छह अलग-अलग जांच टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने गोरेगांव इलाके में लगातार तलाशी अभियान चलाया और गोपनीय सूचना के आधार पर दोनों संदिग्धों तक पहुंच बनाई।

 

जांच में आरोपियों की भूमिका सामने आने और आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने दोनों को 13 अगस्त 2026 की रात करीब 2 बजकर 43 मिनट पर गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 23 अगस्त 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच गोरेगांव पुलिस कर रही है।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या जैसे गंभीर मामले को अपराध होने के 24 घंटे के भीतर सुलझाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करना गोरेगांव पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गोरेगांव पुलिस स्टेशन के अधिकारियों और अपराध प्रकटीकरण टीम के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Editor

Head Editor- Mr. Aleem M. Inamdar Contact number - 9892615151 10 years experience in Journalism And 5 years experience in Digital Media

सभी लेख देखें

अपनी राय दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *