ऑनलाइन टास्क और घर बैठे कमाई का झांसा देकर करोड़ों की कथित ठगी, खार पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
अलीम इनामदार, मुंबई: ऑनलाइन टास्क और घर बैठे कमाई का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की कथित ठगी करने वाले एक रैकेट का…


अलीम इनामदार,
मुंबई: ऑनलाइन टास्क और घर बैठे कमाई का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की कथित ठगी करने वाले एक रैकेट का खार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस की जांच के दौरान आरोपियों से जुड़े 22 म्यूल बैंक अकाउंट्स की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, इन बैंक खातों के जरिए कथित तौर पर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क से देशभर में दर्ज 42 शिकायतें जुड़ी हुई हैं। इन शिकायतों के आधार पर करीब 7 करोड़ 42 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन टास्क के जरिए लोगों को घर बैठे अच्छी कमाई का लालच देते थे। शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क करवाकर पीड़ितों का भरोसा जीता जाता था। इसके बाद निवेश, टास्क पूरा करने या अन्य अलग-अलग कारणों का हवाला देकर उनसे बड़ी रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई जाती थी।
शिकायत मिलने के बाद खार पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक खातों, पैसों के लेन-देन और ट्रांजैक्शन की कड़ियों को खंगालते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
फिलहाल पुलिस इस कथित साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
