महानगर गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
अलीम इनामदार, मुंबई। दहिसर पूर्व इलाके में महानगर गैस लिमिटेड के नाम पर गैस बिल अपडेट करने का झांसा देकर करीब 9 लाख 98…


अलीम इनामदार,
मुंबई। दहिसर पूर्व इलाके में महानगर गैस लिमिटेड के नाम पर गैस बिल अपडेट करने का झांसा देकर करीब 9 लाख 98 हजार रुपये की साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में दहिसर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क किया और खुद को महानगर गैस लिमिटेड का कर्मचारी बताया। आरोपियों ने गैस बिल अपडेट करने के बहाने पीड़ित के मोबाइल में एक APK फाइल डाउनलोड करवाई। फाइल डाउनलोड होने के बाद आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खाते से करीब 9 लाख 98 हजार रुपये निकाल लिए।
मामले की शिकायत मिलने के बाद दहिसर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई। बैंक खातों और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुंबई से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष राजेश गुप्ता और अंकित संजय तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर ठगी की रकम हासिल की थी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि गैस बिल अपडेट, KYC या कनेक्शन अपडेट के नाम पर भेजी गई किसी भी APK फाइल को मोबाइल में डाउनलोड न करें। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने और अज्ञात व्यक्तियों के साथ बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें।
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन-3 गजानन राजमाने ने नागरिकों से साइबर अपराधों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।
