मुंबई में ‘पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ अभियान तेज, फेरीवालों और अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई
अलीम इनामदार, मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने शहर के फुटपाथों को अतिक्रमणमुक्त और नागरिकों के लिए सुरक्षित बनाने के लिए ‘पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ अभियान तेज कर…


अलीम इनामदार,
मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने शहर के फुटपाथों को अतिक्रमणमुक्त और नागरिकों के लिए सुरक्षित बनाने के लिए ‘पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत महानगरपालिका आयुक्त श्रीमती अश्विनी भिडे ने पश्चिम उपनगर के के पश्चिम और पी दक्षिण विभाग का सुबह प्रत्यक्ष दौरा कर विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विले पार्ले के स्वामी विवेकानंद मार्ग, राम गणेश गडकरी मार्ग, बंडू गोरे मार्ग, गोरेगांव रेलवे स्टेशन मार्ग, शेठ श्री देवराजजी गुंदेचा चौक, गोरेगांव स्टेशन के पास टोमॅटो गली और दूध सागर मार्ग सहित कई क्षेत्रों के फुटपाथों का जायजा लिया।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फुटपाथों पर मौजूद अनधिकृत फेरीवालों, अतिक्रमण और अन्य सभी तरह के अवरोधों को तत्काल हटाया जाए, ताकि पैदल चलने वाले नागरिकों को सुरक्षित और सुगम रास्ता मिल सके।
उन्होंने उन हाउसिंग सोसायटियों और दुकानदारों को भी चेतावनी दी, जिन्होंने फुटपाथ पर आने-जाने के लिए रैंप या अन्य अवैध निर्माण किए हैं। ऐसे अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई नहीं करने पर महानगरपालिका की ओर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, गोरेगांव पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास बंडू गोरे मार्ग पर दुकानों के कारण पैदल यात्रियों को होने वाली परेशानी और यातायात जाम का भी मुद्दा सामने आया। आयुक्त ने संबंधित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के जल्द से जल्द स्थानांतरण के निर्देश दिए।
इसके साथ ही फुटपाथों की मरम्मत, सुधार, सुशोभीकरण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय तत्काल लागू करने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान सह आयुक्त डॉ. भाग्यश्री कापसे, उपायुक्त प्रशांत गायकवाड, पी पश्चिम विभाग के सहायक आयुक्त कुंदन वळवी, पी दक्षिण विभाग के सहायक आयुक्त अनिरुद्ध कुलकर्णी सहित महानगरपालिका के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
महानगरपालिका के इस अभियान से अब सवाल यह है कि गोरेगांव और पश्चिम उपनगर के फुटपाथ वास्तव में कितनी जल्दी अतिक्रमणमुक्त होते हैं और नागरिकों को पैदल चलने के लिए कितनी राहत मिलती है।
