मुंबई में ‘श्रीगणेशा आरोग्याचा’ अभियान के तहत गणेश मंडपों में लगेंगे नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
अलीम इनामदार, मुंबई। श्रीगणेशोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में महापौर श्रीमती रितू तावडे और उप महापौर श्री संजय घाड़ी की…


अलीम इनामदार,
मुंबई। श्रीगणेशोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में महापौर श्रीमती रितू तावडे और उप महापौर श्री संजय घाड़ी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महानगरपालिका के पदाधिकारियों के साथ गणेशोत्सव मंडलों के पदाधिकारी, मूर्तिकार संघटनों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गणेशोत्सव के दौरान मुंबई आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष विशेष स्वास्थ्य पहल की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना के तहत मुख्यमंत्री सहायता निधि और महापौर चिकित्सा सहायता निधि के माध्यम से मुंबई में ‘श्रीगणेशा आरोग्याचा’ अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न गणेश मंडलों के सभामंडपों में गणेश भक्तों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक चिकित्सा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
महापौर रितू तावडे ने गणेशोत्सव मंडलों से अपील की है कि वे अपने मंडप अथवा मंडप परिसर में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के लिए आवश्यक जगह उपलब्ध कराएं, ताकि गणेश भक्तों को उत्सव के दौरान आसानी से स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
महानगरपालिका प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य गणेशोत्सव के उत्साह के साथ-साथ नागरिकों और श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को भी प्राथमिकता देना है।
