
अलीम इनामदार,
मुंबई/खंडाला: मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक सेक्शन पर खंडाला एग्जिट के पास सोमवार को बड़ा भूस्खलन हो गया। भूस्खलन के कारण भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा, जिसके चलते मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट अवश्य जांच लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। भूस्खलन के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ है, हालांकि राहत कार्य तेजी से जारी है।