
अलीम इनामदार
मुंबई: डोंबिवली रेलवे स्टेशन पर एक युवा महिला यात्री ट्रेन से उतरते समय अचानक गिरकर घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद स्टेशन पर तैनात हेड टिकट कलेक्टर वृशाली सावंत जाधव बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचीं और घायल यात्री की मदद के लिए आगे आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल यात्री की स्थिति को देखते हुए वृशाली सावंत जाधव ने किसी अन्य सहायता का इंतज़ार नहीं किया। उन्होंने स्वयं घायल महिला को उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया, जिससे उसे समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
इस मानवीय और संवेदनशील कार्य की सेंट्रल रेलवे ने भी सराहना की है। रेलवे ने कहा कि उसके फ्रंटलाइन कर्मचारी केवल अपनी ड्यूटी का ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय यात्रियों की सुरक्षा और सहायता का दायित्व भी पूरी निष्ठा से निभाते हैं।
घटना के बाद यात्रियों ने भी हेड टिकट कलेक्टर की तत्परता और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए इसे मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।