शिळ-दिवा रोड पर FDA की बड़ी कार्रवाई, 11 प्रतिष्ठानों पर छापा; 20 लाख से अधिक का खाद्य पदार्थ जब्त
अलीम इनामदार, ठाणे के शिळ-दिवा रोड स्थित खर्डी गांव परिसर में फरसाण, वेफर्स, चिवड़ा, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं बिक्री करने…


अलीम इनामदार,
ठाणे के शिळ-दिवा रोड स्थित खर्डी गांव परिसर में फरसाण, वेफर्स, चिवड़ा, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अन्न एवं औषधि प्रशासन यानी FDA ने बड़ी कार्रवाई की है।
गोपनीय सूचना के आधार पर 9 सितंबर 2026 को व्हास्कर कम्पाउंड, शिळ-दिवा रोड परिसर में अचानक छापेमारी कर कुल 11 प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
यह कार्रवाई मे. राकेश लालजी गुप्ता, मे. राहुल फूड्स, मे. कृष्णा बनाना चिप्स, मे. कोमल वेफर्स, मे. चस्का मस्का फूड्स, मे. ओम साई ट्रेडर्स फरसाण, मे. हरीश चस्का फूड, मे. धर्मराज फ्रूट सप्लाय, मे. अंतिमा फरसाण एवं वेफर्स, मे. नित्या फरसाण एवं चकली तथा मे. विमल नमकीन के खिलाफ की गई।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों का निर्माण बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में किए जाने की बात सामने आई। उत्पादन क्षेत्र की फर्श पर गंदगी और जमा हुआ तेल पाया गया। कई जगह गंदापानी की उचित निकासी व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण दुर्गंध और अस्वच्छता का वातावरण था। कुछ प्रतिष्ठानों में कॉकरोच और चूहों का प्रकोप भी पाया गया।
इसके अलावा कुछ प्रतिष्ठानों के पास आवश्यक वैध खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया। पैक किए गए खाद्य पदार्थों पर अनिवार्य लेबलिंग नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। वहीं कामगार बिना एप्रन, दस्ताने और सिर ढकने वाली टोपी के खाद्य पदार्थ तैयार करते पाए गए।
FDA ने कार्रवाई के दौरान कुल 28,955 किलोग्राम और 56 लीटर खाद्य सामग्री एवं इस्तेमाल किए गए खाद्य तेल का स्टॉक, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख 48 हजार 801 रुपये से अधिक है, भेसल और घटिया गुणवत्ता के संदेह के साथ-साथ अस्वच्छ परिस्थितियों में उत्पादन किए जाने के कारण जब्त किया।
साथ ही, इन सभी 11 प्रतिष्ठानों को काम बंद करने के आदेश जारी करते हुए उनके खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण निलंबित कर दिए गए हैं।
